मुख्यमंत्री धामी का सख्त निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सरकारी अस्पतालों की बदहाल स्थिति को लेकर अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों के सरकारी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करें और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति, मशीनों और उपकरणों की कार्यशीलता तथा साफ-सफाई व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीएम धामी ने यह भी चेतावनी दी कि वे स्वयं भी औचक निरीक्षण करेंगे और यदि किसी भी अस्पताल में अव्यवस्था पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन खासतौर पर गरीब वर्ग, सबसे अधिक सरकारी अस्पतालों पर निर्भर है, और ऐसे में वहां की सेवाओं का बेहतर होना अनिवार्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकता में शामिल हैं और यदि ज़मीनी स्तर पर सुधार नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारियों को अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखने और हर हफ्ते इसकी रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश भी दिए। राज्य की धामी सरकार की यह पहल यह संकेत देती है कि राज्य सरकार जन स्वास्थ्य को लेकर कोई समझौता नहीं करेगी और जल्द ही अस्पतालों की स्थिति में सुधार देखने को मिल सकता है।
