चमोली के नंदानगर में बादल फटने के बाद SDRF और NDRF की टीमें राहत-बचाव में जुटीं।
चमोली। चमोली जिले की नंदानगर तहसील के कुंतरी गांव में मंगलवार देर रात बादल फटने की घटना ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी। कुंतरी लगाफाली वार्ड में 6 मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस हादसे में 5 लोग लापता हैं, जबकि 2 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

धुर्मा गांव में भी तबाही का मंजर
धुर्मा गांव में भी भारी बारिश से 4-5 मकानों को नुकसान हुआ है। हालांकि यहां जनहानि की कोई खबर नहीं है, लेकिन मोक्ष नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

राहत-बचाव कार्य में जुटा प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम नंदप्रयाग पहुंच गई है। वहीं, NDRF की टीम गोचर से नंदप्रयाग के लिए रवाना हो चुकी है। सीएमओ ने बताया कि मौके पर मेडिकल टीम और 3 एंबुलेंस भेजी गई हैं, ताकि घायलों का तुरंत इलाज किया जा सके।
प्रशासन कर रहा हालात पर निगरानी
जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। रातभर राहत-बचाव कार्य जारी रहने की संभावना है क्योंकि कई लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।

दहशत में ग्रामीण, गिरते मकानों का वीडियो वायरल
गुरुवार सुबह सामने आए वीडियो में गिरते मकान और चीख-पुकार की आवाजें सुनकर हर कोई दहल गया। गांव के लोग सुरक्षित जगहों की ओर पलायन कर रहे हैं, जबकि राहतकर्मी लगातार मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
देहरादून और हरिद्वार में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने चमोली समेत देहरादून और हरिद्वार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं पौड़ी और टिहरी गढ़वाल में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
