मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। उत्तराखंड में पिछले कुछ समय से नेतृत्व परिवर्तन को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज थीं। इस बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार पूरे 5 साल का कार्यकाल पूरा करेगी और पार्टी पूरी तरह से एकजुट है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि धामी सरकार ने अपने कार्यकाल में अब तक कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिनसे प्रदेश के विकास को नई दिशा मिली है। ऐसे में नेतृत्व परिवर्तन की अफवाहों का कोई आधार नहीं है। उन्होंने दोहराया कि बीजेपी का लक्ष्य स्पष्ट है – 2027 में जीत की हैट्रिक लगाकर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना।
भट्ट ने भरोसा जताया कि पार्टी संगठन और सरकार मिलकर विकास कार्यों की रफ्तार को और तेज करेंगे, ताकि 2027 में जनता एक बार फिर बीजेपी को सत्ता सौंपे। उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार नवरात्र के दौरान किया जाएगा। इसके जरिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से प्रतिनिधित्व बढ़ेगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

महेंद्र भट्ट के इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि बीजेपी के भीतर किसी तरह का नेतृत्व संकट नहीं है और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में ही पार्टी आगामी चुनावों की रणनीति बनाएगी।
