इस गांव में आज भी डोली बनी एंबुलेंस
भीमताल। उत्तराखंड के भीमताल ब्लॉक की ग्राम सभा मल्लुवात, तोक कसैला में आज भी सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव ग्रामीणों की बड़ी समस्या बना हुआ है। सोमवार को 66 साल की गंगा देवी पत्नी चिंतामणि की तबीयत बिगड़ने पर ग्रामीणों को उन्हें लकड़ी की डोली में बैठाकर गौला नदी के तेज बहाव को पार कर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन आज तक केवल आश्वासन ही मिले। चुनावी मंचों पर सड़क का वादा करने वाले नेताओं से जनता अब सवाल कर रही है कि आखिर कब तक बीमारों को डोली में ढोना पड़ेगा। वहीं इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के दावों और धरातल की हकीकत के बीच गहरी खाई को उजागर कर दिया है।
