KBC 17 में अमिताभ बच्चन के साथ 11 साल की एंजल नैथानी।
देहरादून। उत्तराखंड की 11 साल की बेटी ने “कौन बनेगा करोड़पति” (KBC) में इतिहास रच दिया है। गढ़वाल की एंजल नैथानी KBC के सीजन-17 की जूनियर स्पेशल हॉट सीट पर पहुंचने वाली उत्तराखंड की पहली बेटी बन गई हैं। अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए जाने वाले इस शो में एंजल ने अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 12.5 लाख रुपये की धनराशि जीती।

गढ़वाल की बेटी ने रचा इतिहास
एंजल नैथानी मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले की रहने वाली हैं और वर्तमान में परिवार के साथ मालदेवता के केसरवाला गांव में रहती हैं। KBC के मंच पर पहुंचकर उन्होंने जिस आत्मविश्वास और बुद्धिमत्ता से सवालों के जवाब दिए, उसने दर्शकों के साथ-साथ खुद अमिताभ बच्चन को भी प्रभावित कर दिया।

जीते 12.5 लाख रुपए
एंजल ने शो में 12.5 लाख रुपये जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया। शो के दौरान उनकी सरलता और हाजिरजवाबी ने सभी को अपना दीवाना बना लिया। जैसे ही एंजल देहरादून लौटीं, उनका भव्य स्वागत किया गया।
छठी कक्षा में पढ़ती हैं एंजल
एंजल फिलहाल सहस्रधारा रोड स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा हैं। उनके पिता मुकेश कुमार नैथानी राज्य संपत्ति विभाग (सचिवालय) में मैनेजर हैं, जबकि मां प्रीती नैथानी गृहिणी हैं। परिवार को बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व है।
दो सालों से कर रही थीं तैयारी
एंजल के पिता ने बताया कि वह पिछले दो सालों से केबीसी की तैयारी कर रही थीं। इसके लिए उन्होंने कई बार प्रैक्टिस क्विज और मॉक टेस्ट दिए। सेलेक्शन से पहले उन्होंने ऑडिशन, लिखित परीक्षा और इंटरव्यू जैसे कई चरण पार किए। उनकी मेहनत और लगन का ही नतीजा है कि वो हॉट सीट तक पहुंचीं।
अमिताभ बच्चन भी हुए प्रभावित
शो के दौरान एंजल ने जिस सहजता और आत्मविश्वास से सवालों के जवाब दिए, उससे बिग बी भी प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके। उन्होंने एंजल की तारीफ करते हुए कहा कि आपने बहुत शानदार खेला, आपको और उत्तराखंड को बहुत-बहुत बधाई।
