सीएम पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य के सभी 13 जिलों में 13 आदर्श संस्कृत ग्रामों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में इन सभी ग्रामों में संस्कृत भवनों का निर्माण और राजकीय प्राथमिक संस्कृत विद्यालयों की स्थापना करेगी, जिससे संस्कृत भाषा के संरक्षण और संवर्धन को नई गति मिलेगी।

ये हैं 13 आदर्श संस्कृत ग्राम
- देहरादून — भोगपुर गांव
- टिहरी गढ़वाल — मुखेम गांव
- उत्तरकाशी — कोटगाँव
- रुद्रप्रयाग — बैंजी गांव
- चमोली — डिम्मर गांव
- पौड़ी गढ़वाल — गोदा गांव
- पिथौरागढ़ — उर्ग गांव
- अल्मोड़ा — जैंती पाण्डेकोटा गांव
- बागेश्वर — शेरी गांव
- चम्पावत — खर्ककार्की गांव
- हरिद्वार — नूरपुर पंजनहेड़ी गांव
- नैनीताल — पाण्डे गाँव
- ऊधमसिंहनगर — नगला तराई गांव
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न संस्कृत ग्रामों के निवासियों से वर्चुअल संवाद भी किया।

संस्कृत के संरक्षण की पहल में उत्तराखण्ड अग्रणी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है, जिसने इस तरह की पहल की है। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा हमारी संस्कृति, परंपरा, ज्ञान और विज्ञान का मूल आधार है। इसे जन-जन तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। उन्होंने बताया कि आदर्श संस्कृत ग्रामों में लोग दैनिक जीवन में संस्कृत का प्रयोग करेंगे, जिससे यह फिर से बोलचाल और संवाद की भाषा बन सकेगी। राज्य सरकार विशेष छात्रवृत्ति और संस्कृत छात्र प्रतिभा सम्मान योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर रही है।
नई शिक्षा नीति और तकनीकी पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति में संस्कृत को आधुनिक और व्यवहारिक भाषा के रूप में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संस्कृत साहित्य को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, ई-संस्कृत शिक्षण पोर्टल और मोबाइल ऐप्स के माध्यम से भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों में मदद का आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी और पौड़ी में आई हालिया आपदा पर दुख व्यक्त करते हुए तेज गति से पुनर्वास कार्य करने का आश्वासन दिया।
राज्य के हालिया बड़े निर्णयों का उल्लेख
- समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य
- नकल विरोधी कानून से 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
- ऑपरेशन कालनेमि के तहत धार्मिक पाखंडियों पर कार्रवाई
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक बृजभूषण गैरोला, ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान, सचिव दीपक कुमार, उत्तराखण्ड संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र शास्त्री, मधुकेश्वर भट्ट समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
