सुशीला तिवारी अस्पताल में धरना 25वें दिन भी जारी
हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में कार्यरत उपनल कर्मचारियों के बकाया मानदेय (वेतन) को लेकर चल रहा विवाद तेज हो गया है। कर्मचारियों की समस्या का समाधान करने के लिए निदेशक चिकित्सा शिक्षा ने बड़ा कदम उठाया है। निदेशक ने सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा को वर्ष 2025-26 के लिए 22 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है, ताकि उपनल कर्मचारियों का मानदेय स्वीकृत कराया जा सके।

इससे पहले, विधायक बंसीधर भगत की पहल पर उपनल कर्मचारियों का 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में मिला था। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के सामने अपने छह माह से लंबित बकाया वेतन भुगतान समेत अन्य मांगें रखीं। इधर, हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में उपनल कर्मचारियों का धरना गुरुवार को लगातार 25वें दिन भी जारी रहा। कर्मचारी अपनी मुख्य मांग, छह महीने का बकाया वेतन जारी करने पर अड़े हुए हैं।

उपनल कर्मचारियों का कहना है कि जब तक बकाया वेतन नहीं दिया जाता और भविष्य के लिए वेतन व्यवस्था को सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

