SIT हरिद्वार और टिहरी में UKSSSC स्नातक परीक्षा नकल मामले पर जन संवाद बैठक करेगी
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा 2025 में कथित नकल मामले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद शासन और प्रशासन पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 24 सितंबर 2025 को विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया गया था, जिसने अब अपनी जांच तेज कर दी है।

हरिद्वार और टिहरी में होगी जन संवाद बैठक
SIT ने इस मामले में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जन संवाद बैठकों का आयोजन करने का निर्णय लिया है।

- 27 सितंबर 2025 को हरिद्वार जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में दोपहर 12:00 से 1:00 बजे तक
- 29 सितंबर 2025 को टिहरी गढ़वाल जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में दोपहर 12:00 से 1:00 बजे तक
इन बैठकों में इच्छुक प्रतियोगी अभ्यर्थी, अभिभावक, कोचिंग संस्थान और जनसरोकार से जुड़े लोग अपनी शंकाएं, प्रश्न और यदि कोई सूचना है तो वह SIT के समक्ष रख सकते हैं।
SIT देगी हर सवाल का जवाब
इन संवाद बैठकों में प्रतिभागी परीक्षा से संबंधित सभी प्रश्नों का समाधान पा सकेंगे। SIT के अधिकारी पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्यक्ष संवाद के जरिए सभी को भरोसा दिलाएंगे कि जांच पूरी सख्ती से होगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
