हरक सिंह रावत पर पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत का बड़ा पलटवार
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में इन दिनों बयानबाजी का दौर चरम पर है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पर तीखा पलटवार करते हुए कई कटाक्ष किए।

“पैसे का पूरा लेनदेन चेक से हुआ”
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरक सिंह के आरोपों पर कहा कि आजकल हरक सिंह काफ़ी जोश में हैं। पैसों के आंकड़े बता रहे हैं, लेकिन वे खुद जानते हैं कि पूरा पैसा चेक के माध्यम से लिया गया था। ऐसे में व्हाइट मनी पर सवाल खड़ा करने का कोई औचित्य नहीं है।

“दल ऐसे बदलते हैं जैसे कपड़े बदलते हैं”
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि हरक सिंह चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़ दें, यह भी संभव है। मैं उन्हें बहुत पहले से जानता हूँ—छात्रसंघ चुनावों में एबीवीपी से जुड़े और मतदान के दिन बैनर दूसरा था। वे दल ऐसे बदलते हैं जैसे कपड़े बदलते हैं। कुछ बड़े नेता दिन में तीन–तीन बार कपड़े बदलते हैं, हरक सिंह भी उसी तरह के बड़े नेता हैं।
“कम बोलें, तभी लंबी राजनीति कर पाएंगे”
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरक सिंह को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें ज़्यादा नहीं बोलना चाहिए, अगर वे संयम रखेंगे तो राजनीति लंबी चलेगी, वरना कई ऐसे ढके–छुपे राज हैं, जो सामने आ सकतेहैं। हरक सिंह जिसपर टिप्पणी कर रहे हैं, उससे खुद भी बच नहीं पाएंगे।
इस पलटवार से साफ है कि हरक सिंह और बीजेपी नेताओं के बीच की सियासी खींचतान आने वाले दिनों में और भी गर्माने वाली है।
