मोपाटा में भूस्खलन से दंपत्ति की मौत
चमोली। चमोली जनपद के देवाल ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र मोपाटा में देर रात लगातार बारिश के बाद बड़ा हादसा हो गया। क्षेत्र में भूस्खलन होने से एक मकान मलबे की चपेट में आ गया, जिसमें पति-पत्नी दब गए। थराली उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुँचे। घंटों की मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर दोनों के शव बाहर निकाले गए।

ग्रामीणों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश से पहाड़ दरकने का खतरा बना हुआ था। अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण दंपत्ति को संभलने का मौका नहीं मिल सका और वे घर समेत दब गए। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी है और आपदा राहत के तहत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने और असुरक्षित स्थानों से हटकर सुरक्षित जगह पर जाने की अपील की गई है।
