नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच विवाद
थराली। आपदा प्रभावित थराली में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच झड़प का वीडियो सामने आया है। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने इलाज कराने आई एक महिला को इलाज देने से इनकार कर दिया और अभद्रता की।

वहीं, डॉक्टर अमित टम्टा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि इलाज से इनकार नहीं किया गया था, बल्कि आपदा के हालात को देखते हुए उन्होंने केवल कहा था कि ज्यादा लोग अस्पताल परिसर में न रहें। डॉक्टर का कहना है कि इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने उनके साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की।
विवाद के बीच मौजूद पत्रकार नवीन चंदोला ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग की कोशिश की तो स्टाफ नर्स ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और फोन छीनने की भी कोशिश की। नर्स ने यहां तक कहा कि “अपनी डिग्री दिखाओ”। मामले की शिकायत DM से की गई है और अब इस पूरे प्रकरण पर जांच की मांग उठ रही है।

