सीएम धामी लगातार ले रहे अपडेट्स
चमोली। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बादल फटने से आई आपदा के बाद हालात गंभीर बने हुए हैं। भारी बारिश और मलबे की चपेट में कई मकान, दुकानें और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। आपदा में अब तक एक युवती की मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य व्यक्ति लापता है, जिसकी तलाश एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार कर रही हैं।

रेस्क्यू और राहत कार्य
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना, एसएसबी और आईटीबीपी की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
- अब तक 150 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा चुका है।
- सतलुज जल विद्युत निगम व जीएमवीएन के विश्राम गृहों को राहत शिविर के रूप में अधिकृत किया गया है।
- प्रभावितों को भोजन, पानी, दवाइयाँ और आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री की निगरानी

मुख्यमंत्री धामी स्वयं आपदा की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लगातार मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन तथा जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद मिलनी चाहिए और किसी भी स्थिति में लापरवाही न हो।
सड़क और स्कूल बंद
- हरमनी के पास मार्ग आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है, हालांकि कर्णप्रयाग-ग्वालदम मार्ग कई स्थानों पर अभी भी बाधित है।
- सुरक्षा की दृष्टि से थराली, देवाल और नारायणबगड़ ब्लॉकों के विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
स्थानीय हालात
- थराली बाजार और आसपास के क्षेत्र में कई मकान व दुकानें मलबे से भर गए हैं।
- एसडीएम आवास भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
- कई वाहन मलबे के नीचे दब गए हैं।
सरकार जनता के साथ
मुख्यमंत्री ने युवती की मौत पर गहरा दुःख प्रकट किया और प्रभावितों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार इस कठिन घड़ी में जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
