मुख्यमंत्री धामी खुद ले रहे स्थिति की निगरानी
देहरादून। थराली क्षेत्र में भारी बारिश से आए मलबे ने हालात बिगाड़ दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना, एसएसबी और आईटीबीपी की टीमें लगातार मौके पर जुटी हुई हैं।

मुख्यमंत्री स्वयं स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और लगातार मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन और जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी से हर पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाकर भोजन, पानी, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्य सचिव ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से राहत कार्यों की समीक्षा की और जिलाधिकारी को स्थिति को जल्द सामान्य करने के निर्देश दिए। सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि हादसे में अब तक एक युवती का शव बरामद हुआ है, जबकि एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है।

मुख्यमंत्री ने युवती के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावितों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव दल पूरी क्षमता से कार्य कर रहे हैं और सरकार इस कठिन घड़ी में थराली की जनता के साथ खड़ी है।
जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने बताया कि अब तक 150 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। सतलुज जल विद्युत निगम और जीएमवीएन के विश्राम गृहों को राहत शिविर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा हरमनी के पास मार्ग बहाल कर दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से थराली, देवाल और नारायणबगड़ ब्लॉकों के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
