CM धामी ने दिए 5 लाख मुआवजे के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून स्थित आपदा परिचालन केंद्र से थराली (चमोली) आपदा राहत कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त मकानों और मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की सहायता राशि तत्काल जारी की जाए।

सीएम धामी ने कहा कि थराली में बेघर हुए लोगों के लिए तात्कालिक रूप से बेहतर ठहरने की व्यवस्था की जाए और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने राहत सामग्री की आपूर्ति को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाएं शीघ्र बहाल की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से स्यानाचट्टी से पानी की निकासी की व्यवस्था जल्द पूरी करने को कहा। आपदा प्रबंधन में तत्परता दिखाने के लिए जिलाधिकारी चमोली की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्य जिलों में भी इसी तरह समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य किए जाएं। सीएम ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

राज्य में अगले दो दिन जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को पूरी तैयारी रखने और संवेदनशील स्थानों पर आपदा प्रबंधन सामग्री व उपकरण पहले से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, हाल ही में थराली, सैजी (पौड़ी) और धराली में आई आपदाओं की पैटर्न स्टडी के लिए विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों की एक कमेटी गठित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगौली सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि जिलाधिकारी चमोली व उत्तरकाशी ने वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया।
