मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को थराली पहुंचे और आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया। तय कार्यक्रम के अनुसार वे कुलसारी हेलीपैड पर उतरे और वहां से कार द्वारा थराली पहुंचे। मुख्यमंत्री ने राजकीय पॉलिटेक्निक में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया और आपदाग्रस्त परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान प्रभावितों को राहत राशि के चेक भी वितरित किए गए।

इसके बाद वे थराली बाजार पहुंचे, जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास हुए नुकसान का जायजा लिया और पीड़ितों से बातचीत की। मुख्यमंत्री धामी ने आपदा में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमें तैनात की गई हैं। सीएम ने भरोसा दिलाया कि प्रभावितों को हरसंभव मदद पहुंचाई जाएगी।
