गढ़वाल-कुमाऊं को जोड़ेगा सिंगटाली पुल
देहरादून। गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित सिंगटाली पुल के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परियोजना के लिए 57 करोड़ की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।

मंगलवार को शासन ने प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को पुल निर्माण संबंधी विधिवत आदेश जारी कर दिए। यह पुल पौड़ी जिले की यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कौडियाला–व्यासघाट मोटर मार्ग (किमी 01) पर गंगा नदी पर बनाया जाएगा।
पुल की विशेषताएं

- कुल लंबाई: 150 मीटर
- कुल लागत: ₹57 करोड़ 5 लाख 25 हजार
- स्थान: गंगा नदी, कौडियाला–व्यासघाट मोटर मार्ग
मुख्यमंत्री के विशेष निर्देश पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली व्यय–वित्त समिति पहले ही इस प्रस्ताव को मंजूरी दे चुकी थी। अब सभी बाधाएं दूर हो चुकी हैं और पुल का निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा।
जनता की मांग पूरी
सीएम धामी ने कहा कि सिंगटाली पुल की मांग जनता लंबे समय से कर रही थी। इसके बन जाने से गढ़वाल और कुमाऊं के बीच सड़क संपर्क और मजबूत होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ कर तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा।
