मुख्यमंत्री से मिली सारकोट की ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी
गैरसैंण (भराड़ीसैंण)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट की ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने भेंट की। उन्होंने भराड़ीसैंण से सारकोट के लिए सड़क स्वीकृत करने, कार्य शुरू कराने और विगत में हुए विभिन्न विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

ग्राम प्रधान की मांगें
प्रियंका नेगी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि –

- गांव में जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग की व्यवस्था हो।
- आंतरिक मार्गों को दुरुस्त किया जाए।
- महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु स्वरोजगार से जोड़ने की पहल हो।
- गांव के रास्तों पर सोलर लाइट लगाई जाए।
- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण में बाल रोग और महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की जाए।
मुख्यमंत्री का आश्वासन
मुख्यमंत्री धामी ने ग्राम प्रधान को बधाई देते हुए कहा कि उनके द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं का उचित समाधान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन को इन मुद्दों पर शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारकोट प्रदेश के अन्य गांवों के लिए आदर्श ग्राम बनेगा। इस अवसर पर अपर सचिव मनमोहन मैनाली भी मौजूद रहे।
