मेडिकल टीम ने घर पर कराई महिला की सुरक्षित डिलीवरी
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले के बसुकेदार क्षेत्र में हाल ही में हुई अतिवृष्टि ने जिले में आपदा जैसी स्थिति पैदा कर दी है। जगह-जगह सड़कें टूटी हुई हैं, संपर्क मार्ग बाधित हैं और लोगों को राहत पहुंचाना बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिले के सभी विभाग लगातार प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।

इसी बीच जखोली ब्लॉक के बकसिर बंगड़ गांव से एक राहत भरी खबर आई। यहां 21 साल की सक्षमा देवी को देर रात प्रसव पीड़ा हुई। संपर्क मार्ग पूरी तरह टूट जाने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम गांव तक पहुंची और बड़ी विकट परिस्थितियों में महिला की घर पर ही सुरक्षित डिलीवरी कराई। महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया।
देर रात सूचना, तुरंत हरकत में आई टीम

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि देर रात महिला की स्थिति की सूचना मिलने पर तुरंत प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जखोली डॉ. खुशपाल सिंह के निर्देशन में मेडिकल टीम गठित की गई। टीम ने ग्रामीणों और स्थानीय दाई की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया।
आपदा के बीच त्वरित राहत
सीएमओ ने बताया कि महिला और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार परिजनों के संपर्क में बनी हुई है ताकि किसी भी तरह की दिक्कत न हो।
आपसी समन्वय से राहत कार्य
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। इनकी निगरानी के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल बनाकर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करना होगा, ताकि प्रभावित लोगों तक समय पर राहत पहुंचाई जा सके।
