भगवानपुर के बालेकी यूसुफ़पुर गांव में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारकर डेढ़ कुंटल मिलावटी पनीर बरामद किया।
रुड़की। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावटखोरों पर लगातार शिकंजा कस रहा है। विभाग की टीमों ने रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में कई जगह छापेमारी की है। इसी कड़ी में भगवानपुर के बालेकी यूसुफ़पुर गांव में टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है।

डेढ़ कुंटल मिलावटी पनीर बरामद
सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार सुबह एक मकान में छापा मारा, जहां से लगभग डेढ़ कुंटल घटिया और मिलावटी पनीर बरामद किया गया। यह पनीर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के विभिन्न इलाकों से लाया जा रहा था, जिसे स्थानीय बाजारों में सप्लाई किया जाता था। विभाग ने मौके से पनीर के नमूने लिए हैं जिन्हें जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पनीर की क्वालिटी बेहद खराब पाई गई।

डंपिंग जोन में किया गया नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बरामद पनीर को डंपिंग जोन में नष्ट कराया, ताकि यह किसी भी रूप में बाजार तक न पहुंचे। कार्रवाई के बाद गांव में हड़कंप मच गया और कई लोग घरों के अंदर छिपने लगे।
पहले भी मिल चुकी है नकली पनीर की खेप
गौरतलब है कि इससे पहले विभाग ने खंजरपुर गांव में भी बड़ी मात्रा में नकली पनीर बरामद किया था। वहां से पनीर बनाने की मशीनें, प्रतिबंधित ऑक्सीटॉक्सिन इंजेक्शन और रिफाइंड तेल के टिन भी जब्त किए गए थे।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि भगवानपुर के बालेकी यूसुफ़पुर गांव से बरामद मिलावटी पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रारंभिक जांच में पनीर मिलावटी पाया गया है। फिलहाल इसे नष्ट किया गया है और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे त्योहारों पर विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
