ऋषिकेश की पैरा इंटरनेशनल खिलाड़ी नीरजा गोयल ने व्हीलचेयर पर 109 मीटर ऊंचाई से बंजी जंपिंग की, यह उपलब्धि भारत में पहली बार दर्ज हुई।
ऋषिकेश। “मंज़िल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।” यह पंक्तियाँ ऋषिकेश निवासी नीरजा गोयल पर पूरी तरह सटीक बैठती हैं। नीरजा, जो एक पैरा इंटरनेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, ने अब एडवेंचर की दुनिया में नया इतिहास रच दिया है।

व्हीलचेयर पर बैठकर लगाई 109 मीटर की जंप
ऋषिकेश के शिवपुरी स्थित एडवेंचर स्पॉट पर नीरजा गोयल ने व्हीलचेयर से 109 मीटर की ऊंचाई से बंजी जंपिंग की। जंप के बाद नीरजा ने कहा कि मेरे मन में डर नहीं था, बल्कि उत्साह था। मैंने ठान लिया था कि एक दिन मैं ये कर दिखाऊंगी। उनका कहना है कि भारत में यह पहली बार किसी महिला पैरा खिलाड़ी द्वारा व्हीलचेयर पर इतनी ऊंचाई से बंजी जंपिंग की गई है।

पहले भी दिखा चुकी हैं अदम्य साहस
नीरजा इससे पहले 12,000 फीट की ऊंचाई से पैराग्लाइडिंग कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में सीमाएँ नहीं होतीं , “सीमाएँ तो बस हमारे मन में होती हैं।” उनकी यह सोच अब पूरे देश के लिए प्रेरणा बन चुकी है।
एडवेंचर और आत्मविश्वास का संगम
नीरजा की यह जंप सिर्फ एडवेंचर नहीं बल्कि मानसिक शक्ति, साहस और आत्मविश्वास की मिसाल है। उन्होंने संदेश दिया कि शरीर से नहीं, हौसले से बड़ी कोई ताकत नहीं होती।
