छिद्दरवाला तीन पानी फ्लाईओवर पर चेकिंग के दौरान आबकारी विभाग ने 25 पेटी शराब पकड़ी और दो आरोपी गिरफ्तार किए।
ऋषिकेश। आबकारी विभाग ने रविवार को तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 पेटी अवैध शराब बरामद की है। विभाग की टीम ने छिद्दरवाला तीन पानी फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान एक वाहन को रोका, जिसमें गाड़ी के अलग-अलग हिस्सों में बेहद चालाकी से शराब छुपाई गई थी।

फिल्मी अंदाज में गाड़ी को किया गया मॉडिफाई
शराब तस्करों ने गाड़ी को पूरी तरह ट्रांसफॉर्म कर अंदर कई गुप्त खांचे (सीक्रेट चैंबर) बनाये थे। सीटों, डैशबोर्ड, डोर्स और बॉडी फ्रेम के अंदर शराब की पेटियां छुपाई गई थीं, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।

दो तस्कर गिरफ्तार, शराब चंबा ले जाई जा रही थी
आबकारी इंस्पेक्टर प्रेरणा बिष्ट ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टीम ने कार्रवाई की और वाहन की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। विभाग ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
घटना स्थल पर पहुंचीं आबकारी कमिश्नर अनुराधा पाल ने बताया कि यह शराब चंडीगढ़ से लाई जा रही थी और इसे पहाड़ी क्षेत्र चंबा में खपाने की योजना थी। बरामद ब्रांड्स में इंपीरियल, रॉयल स्टैग और किंगफिशर शामिल हैं।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
आबकारी विभाग ने कहा कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जाएगा और ऐसे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।
