तीन मरीजों को हेलिकॉप्टर से भेजा गया अस्पताल
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित धराली सहित सीमांत क्षेत्रों में राहत पहुंचाने के लिए चलाई जा रही राज्य सरकार की हेली सेवाएं जीवनदायिनी साबित हो रही हैं। शुक्रवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र से दो गंभीर रूप से बीमार मरीजों और एक गर्भवती महिला को हेलिकॉप्टर के माध्यम से जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी भेजा गया।

जसपुर गांव की 75 वर्षीय प्रतिमा देवी लंबे समय से सांस की बीमारी से पीड़ित हैं। वहीं, 61 वर्षीय बुज़ुर्ग महिला चंद्रबाला पेट संबंधी गंभीर समस्या से जूझ रही हैं। दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ने पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हर्षिल हेलीपैड तक लाकर हवाई सेवा से जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी भेजा गया। जसपुर गांव की 3 माह की गर्भवती महिला निर्मला देवी को अचानक पेट में तेज़ दर्द की शिकायत हुई। हर्षिल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें भी हेलिकॉप्टर के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया।
