लोहाघाट महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में बच्चों के साथ दौड़ लगाती कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या
लोहाघाट। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार सुबह महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, लोहाघाट के नवनिर्मित सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक पर पहुंचीं। यहां उन्होंने अभ्यास कर रहे बालक-बालिकाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल गतिविधियों का जायजा लिया।

खिलाड़ियों से संवाद, जुनून और अनुशासन की सराहना
मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उनके खेल के प्रति जुनून, अनुशासन, अभ्यास दिनचर्या और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों के आग्रह पर खुद दौड़ीं मंत्री
खिलाड़ियों के आग्रह पर कैबिनेट मंत्री स्वयं ट्रैक पर उतरीं और 100 मीटर की दौड़ में बच्चों के साथ भाग लिया। मंत्री को अपने बीच दौड़ता देख बच्चों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। यह दृश्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया।
प्रदर्शनी दौड़ और विजेताओं का सम्मान
इसके बाद बालक एवं बालिका वर्ग की 100 मीटर प्रदर्शनी दौड़ आयोजित की गई। दौड़ में विजेता खिलाड़ियों को मंत्री रेखा आर्या ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल को मजबूत कर रही सरकार
इस अवसर पर मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है, प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और वे लक्ष्य के प्रति अधिक समर्पित होकर आगे बढ़ते हैं।
