रानीबाग में आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर में जनता की समस्याएं सुनते प्रभारी सचिव चन्द्रेश कुमार यादव।
रानीबाग। नैनीताल जिले के रानीबाग स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों नागरिकों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा कर दिया गया।

प्रभारी सचिव ने किया जनसंवाद
शिविर में सचिव महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास तथा नैनीताल जिले के प्रभारी सचिव चन्द्रेश कुमार यादव ने प्रतिभाग कर आम जनता से सीधे संवाद किया। उन्होंने छोटी-छोटी समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए और मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि समाधान के बाद संबंधित शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लिया जाए।
257 शिकायतें दर्ज, अधिकतर का तत्काल समाधान
शिविर के दौरान कुल 257 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें विद्युत, पेयजल, शिक्षा, पेंशन, भूस्खलन, सोलर फेंसिंग, जंगली जानवरों से फसल नुकसान, बंदरों के आतंक, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया गया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली।
बंदरों के आतंक पर शासन स्तर पर होगी चर्चा
क्षेत्रवासियों ने बंदरों द्वारा लोगों को काटने और हमले की घटनाओं पर मुआवजा न मिलने की शिकायत उठाई। वन विभाग के एसडीओ ने बताया कि वर्तमान में बंदरों के काटने पर कोई मुआवजा प्रावधान नहीं है। इस पर प्रभारी सचिव चन्द्रेश कुमार यादव ने आश्वासन दिया कि इस विषय पर शासन स्तर पर शीघ्र चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा।
झूलती विद्युत लाइनों पर एक सप्ताह की डेडलाइन
रानीबाग और आसपास के दूरस्थ क्षेत्रों में झूलती विद्युत तारों से दुर्घटना की आशंका जताई गई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द पाण्डे ने अधिशासी अभियंता को एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान करने और कार्य पूर्ण होने के बाद फीडबैक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी पंजीकरण और शिक्षा से जुड़े निर्देश
शिविर में कुछ गर्भवती महिलाओं के आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकरण न होने का मामला सामने आया। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि 6 से 15 माह की गर्भावस्था अवधि में आवश्यक अभिलेखों के साथ पंजीकरण अनिवार्य है, जिससे सरकारी सुविधाएं मिल सकें।
वहीं ग्राम उडवा में एक वर्ष से मेडिकल अवकाश पर चल रही शिक्षिका के स्थान पर शिक्षक न होने का मामला उठाया गया। इस पर सीडीओ ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को मौके पर ही शिक्षक तैनात करने के निर्देश दिए।
दूरस्थ विद्यालय गोद लेंगे जिला स्तरीय अधिकारी
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों को अब जिला स्तरीय अधिकारी गोद लेंगे। प्रत्येक अधिकारी को एक विद्यालय आवंटित किया जाएगा और नियमित भ्रमण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
पात्र लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ
शिविर में पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, छड़ी और कमर बेल्ट वितरित की गई। 23 विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया।
स्वास्थ्य, पेंशन, कृषि और राशन सेवाएं एक ही मंच पर
- स्वास्थ्य विभाग द्वारा 131 लोगों की जांच और दवा वितरण
- वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन के 23 आवेदन फॉर्म वितरित
- कृषि विभाग द्वारा बीज, दवाइयां और कृषि यंत्र
- विद्युत और जल संस्थान के बिलों में संशोधन
- खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड ऑनलाइन
- नवविवाहितों का विवाह पंजीकरण
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, ब्लॉक प्रमुख भीमताल डॉ. हरीश बिष्ट, सचिन साह, कलावती थापा, उमेश पलड़िया, संजय साह, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, डीडीओ गोपाल गिरि गोस्वामी, सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
