कॉर्बेट नेशनल पार्क में नया पर्यटन सीजन शुरू, बिजरानी जोन में पर्यटकों की भीड़ ने जंगल सफारी का आनंद लिया।
रामनगर। के विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट नेशनल पार्क में आज से नया पर्यटन सीजन शुरू हो गया है। मानसून के बाद सबसे पहले बिजरानी जोन पर्यटकों के लिए खोला गया। सुबह से ही देश और विदेश से आए सैलानी जंगल सफारी का आनंद लेने पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में पर्यटन की रौनक लौट आई है।

इस अवसर पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक राहुल मिश्रा और क्षेत्रीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने रिबन काटकर बिजरानी जोन का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद पर्यटकों से भरी जिप्सियों को हरी झंडी दिखाकर जंगल सफारी के लिए रवाना किया गया। बिजरानी जोन को हर साल 30 जून तक मानसून के दौरान बंद कर दिया जाता है। इस दौरान नदियों का जलस्तर बढ़ने और रास्तों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा रहता है। मौसम साफ होते ही आमतौर पर 15 अक्टूबर से नया पर्यटन सत्र शुरू होता है।
इस बार भी कॉर्बेट के कई जोन पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार हैं, जिसमें बिजरानी जोन सबसे पहले खुला। यह जोन अपनी घनी हरियाली, खुले घास के मैदान और वन्य जीवों की विविधता के लिए बेहद लोकप्रिय है। यहाँ बाघ, हाथी, हिरण, मोर, तोते और कई पक्षी प्रजातियां देखी जा सकती हैं। यही वजह है कि यह जोन पर्यटकों की पहली पसंद में शामिल है। जानकारी के अनुसार पहले दिन की दोनों सफारी पाली के सभी स्लॉट पूरी तरह बुक रहे। जंगल सफारी पर निकले पर्यटकों में खासा उत्साह और आनंद देखा गया।

