उत्तराखंड विधानसभा में 25वें स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले विशेष सत्र की तैयारियां।
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर नवंबर में विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित किया गया है और उनके शामिल होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। राष्ट्रपति के सदन को संबोधित करने की भी संभावना है।

राज्य सरकार ने इस वर्ष को रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाने की तैयारी की है। 9 नवंबर 2000 को अस्तित्व में आए उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष पूरे होने पर दो दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन किया जाएगा। कैबिनेट में इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू के दून दौरे पर सहमति बन चुकी है। विधानसभा सत्र की तिथियां तय होते ही राष्ट्रपति के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी रजत जयंती समारोह में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। राज्य सरकार इसे भव्य आयोजन के रूप में मनाने जा रही है।

