PWD टेंडर विवाद में दबंगई दिखाने पहुँचे 7 लोग गिरफ्तार, नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रामनगर। सरकारी विभागों में पारदर्शिता और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में PWD टेंडर प्रक्रिया के दौरान दबंगई दिखाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे 7 लोगों को पुलिस ने शनिवार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, बैलपाड़व निवासी दयाल सिंह पन्नू अपने छह साथियों के साथ टेंडर आवंटन के समय दबाव बनाकर प्रक्रिया को अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई और विवाद बढ़ने लगा।

SSP के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार को मौके पर तुरंत पहुंचने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर माहौल शांत कराया।

लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त, वाहन भी सीज़
पुलिस जांच में दयाल सिंह पन्नू के पास से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद की गई, जिसका गलत तरीके से उपयोग किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने हथियार को जब्त कर लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दबंगों का वाहन भी सीज़ किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी (निवासी – बन्नाखेड़ा)
- सज्जन सिंह
- दयाल सिंह पन्नू
- नरेंद्र सिंह
- सर्वजीत सिंह
- विक्की सिंह
- सुखराज सिंह
- सरदूल सिंह
SSP की सख्त चेतावनी — “सरकारी कार्य में दखल बर्दाश्त नहीं”
SSP ने कहा कि सरकारी कार्यों में बाधा डालने, माहौल खराब करने और दबंगई दिखाने वालों के खिलाफ गुंडा अधिनियम और जिला बदर की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस की नजर ऐसे सभी तत्वों पर बनी रहेगी।
