देहरादून में आयोजित बैठक में पीआरडी जवानों को राहत देते हुए रेखा आर्या
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने पीआरडी जवानों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। अब बीमार पड़ने, इलाज कराने या अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में भी पीआरडी जवानों का मानदेय 6 महीने तक नहीं रोका जाएगा। यह फैसला शनिवार को सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक के दौरान लिया गया, जिसकी अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने की।

पीआरडी जवानों की मांगों पर सकारात्मक रुख
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने स्पष्ट कहा कि विभाग पीआरडी जवानों की हर न्यायसंगत मांग पर संवेदनशील और सकारात्मक विचार करेगा। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि—

- बीमार होने पर मानदेय जारी रखने की व्यवस्था तत्काल लागू हो
- “स्वयंसेवक” शब्द की जगह सम्मानजनक नाम का उपयोग किया जाए
- सहायता राशि में वृद्धि की दिशा में कार्रवाई शुरू की जाए
365 दिन रोजगार पर मंत्री ने दिए निर्देश
बैठक में पीआरडी संगठन के प्रतिनिधियों ने 365 दिन रोजगार की मांग रखी। इस पर मंत्री रेखा आर्या ने संबंधित अधिकारियों को ठोस प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि जवानों को सालभर रोजगार उपलब्ध हो सके।
पीआरडी स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में आगामी 11 दिसंबर को प्रस्तावित पीआरडी स्थापना दिवस के भव्य आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि इस बार कार्यक्रम बड़े स्तर पर और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा।
बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, विभागीय अधिकारी तथा पीआरडी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह फैसला हजारों पीआरडी जवानों में नई उम्मीद जगाने वाला है। लंबे समय से उठाई जा रही मांगों पर सरकार का यह कदम बड़ी राहत और सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
