देहरादून के एफआरआई में आयोजित उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे। PHOTO CREDIT - X
देहरादून। उत्तराखंड के गठन की 25वीं वर्षगांठ यानी रजत जयंती पर राज्य को एक बड़ा उपहार मिलने जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 नवंबर को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून पहुंचेंगे।

पहले प्रधानमंत्री का आगमन 11 नवंबर को प्रस्तावित था, लेकिन अब कार्यक्रम में बदलाव कर 9 नवंबर की तारीख तय की गई है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री का मुख्य कार्यक्रम फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआई) देहरादून में आयोजित होगा। यहां वे राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे और उत्तराखंड को कई नई विकास योजनाओं की सौगात देने की संभावना है।
प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को लेकर शासन और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है, जिसमें सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। पीएम की यात्रा तिथि में बदलाव के चलते अब राज्य स्थापना दिवस परेड, जो पहले 9 नवंबर को प्रस्तावित थी, 7 नवंबर को आयोजित की जाएगी।

राज्य के 25 वर्ष पूरे होने के इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री मोदी का आगमन न केवल राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि इससे उत्तराखंड को विकास की नई सौगातें मिलने की भी पूरी उम्मीद है। एफआरआई परिसर में कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं और राज्यवासियों में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
