सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने
देहरादून। उत्तराखंड में पंचायत और निकाय चुनाव के दौरान एक ही व्यक्ति का नाम दो जगह दर्ज होने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य निर्वाचन आयोग को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए आयोग पर 2 लाख रुपए का जुर्माना ठोका। कोर्ट ने कहा कि चुनाव में पारदर्शिता और सटीकता बेहद जरूरी है, ऐसे मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह पूरा मामला सरकार की कार्यप्रणाली और मिलीभगत को दर्शाता है। उनका आरोप है कि सरकार की लापरवाही और चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत से ही ऐसा संभव हो पाया।

भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
दूसरी ओर, बीजेपी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अब हताशा में बेतुके बयान दे रही है। भाजपा नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का जनाधार खत्म हो चुका है और इस तरह के आरोप लगाकर वे सिर्फ सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेताओं की मानसिक स्थिति अब ठीक नहीं लगती।
राजनीतिक माहौल हुआ गर्म
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। एक तरफ कांग्रेस सरकार पर आरोपों की बौछार कर रही है, तो दूसरी ओर भाजपा कांग्रेस को मानसिक संतुलन ठीक रखने की सलाह दे रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।
