ऑपरेशन कालनेमि में बड़ी सफलता
देहरादून। देवभूमि उत्तराखण्ड के आध्यात्मिक स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चलाया जा रहा ऑपरेशन कालनेमि लगातार बड़ी सफलता हासिल कर रहा है। यह अभियान उन असामाजिक तत्वों को निशाने पर ले रहा है, जो अपनी पहचान छिपाकर सनातन संस्कृति की आड़ में ठगी और धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे थे।

सरकार और पुलिस प्रशासन की सख्ती का नतीजा है कि अब तक प्रदेशभर में 4,000 से अधिक लोगों का सत्यापन किया गया है, जिनमें से 300 से ज्यादा को गिरफ्तार किया गया है। जिला-वार कार्रवाई में सबसे ज्यादा असर हरिद्वार में देखा गया, जहां 2,301 लोगों का सत्यापन और 162 गिरफ्तारियां हुईं। देहरादून में 865 सत्यापन और 113 गिरफ्तारियां, जबकि उधम सिंह नगर में 167 सत्यापन और 17 गिरफ्तारियां दर्ज की गईं। इसके अलावा अन्य जिलों में भी अभियान लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया है कि देवभूमि उत्तराखण्ड में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, पहचान छिपाकर ठगी या धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस अभियान के तहत देहरादून में एक बांग्लादेशी नागरिक भी गिरफ्तार किया गया, जो यहां पहचान छिपाकर रह रहा था।

