राष्ट्रीय खेल दिवस पर मिलेंगे 22 करोड़ के इनाम
देहरादून। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन का सम्मान करने के लिए 22 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।

सरकारी घोषणा के अनुसार-
- 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को मिलेगा 11.69 करोड़ रुपये।
- मुख्यमंत्री उदयमान खिलाड़ी अध्ययन योजना के अंतर्गत 3900 खिलाड़ियों को मिलेगा 1 करोड़ 75 लाख रुपये।
- मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के तहत 2199 खिलाड़ियों को दिया जाएगा 3 करोड़ 97 लाख रुपये।
- विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 459 खिलाड़ियों को भी सम्मान राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड के खिलाड़ी न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर भी प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने भरोसा जताया कि यह आर्थिक सहयोग खिलाड़ियों के मनोबल को और ऊंचा उठाएगा।

इसके साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पहल युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करेगी तथा उन्हें सुनहरे भविष्य की ओर प्रेरित करेगी।
