नैनीताल विंटर कार्निवाल के समापन अवसर पर बिरला चुंगी से कैंचीधाम तक 13 किलोमीटर लंबी ट्रैकिंग करते प्रतिभागी।
नैनीताल। नैनीताल में सात वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित चार दिवसीय विंटर कार्निवाल का भव्य और सार्थक समापन बिरला चुंगी से कैंची धाम मंदिर तक आयोजित ट्रैकिंग कार्यक्रम के साथ किया गया। इस ट्रैकिंग में 20 बच्चों सहित 50 से अधिक लोगों ने भाग लेकर लगभग 13 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी की।

आयुक्त ने दिखाई हरी झंडी, खुद भी हुए शामिल
ट्रैकिंग दल को कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने बिरला चुंगी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खास बात यह रही कि आयुक्त स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ पूरे ट्रैक में शामिल हुए और पुराने पैदल मार्ग से कैंचीधाम तक की यात्रा की।

ईको ट्यूरिज्म के रूप में विकसित होगा ट्रैकिंग रूट
इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने घोषणा की कि बिरला चुंगी से कैंची धाम तक के इस पुराने पैदल मार्ग को ईको ट्यूरिज्म के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस ट्रैकिंग रूट का संचालन कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कैंची धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के कारण क्षेत्र में भारी ट्रैफिक दबाव देखने को मिल रहा है। ऐसे में यह पैदल ट्रैकिंग मार्ग एक बेहतर और वैकल्पिक समाधान साबित होगा, जिससे सड़क यातायात पर दबाव कम होगा और पर्यावरण को भी संरक्षण मिलेगा।
छात्रों, महिलाओं और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी
शुक्रवार को आयोजित इस ट्रैकिंग में नैनीताल, पंगोट, बगड़ सहित आसपास के क्षेत्रों के छात्र, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं। सभी प्रतिभागियों ने प्राकृतिक सौंदर्य के बीच यात्रा करते हुए नींब करौरी बाबा के दर्शन किए।
KMVN करेगा बेहतर संचालन और प्रमोशन
ट्रैकिंग के दौरान मौजूद कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर ने बताया कि आने वाले समय में केएमवीएन द्वारा इस मार्ग को एक सुव्यवस्थित वैकल्पिक ट्रैकिंग रूट के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे पर्यटकों को नई यात्रा का अनुभव मिलेगा और क्षेत्रीय पर्यटन को मजबूती मिलेगी।
नेचर गाइड ने दी फ्लोरा-फॉना की जानकारी
ट्रैकिंग के दौरान नेचर गाइड जीवन सिंह धामी ने प्रतिभागियों को क्षेत्र की स्थानीय वनस्पति (Flora), प्रवासी पक्षियों और जैव विविधता के बारे में जानकारी दी, जिससे ट्रैकिंग एक शैक्षणिक और जागरूकता से भरपूर अनुभव बन गई।
क्लीनिंग ड्राइव भी रही आकर्षण
ट्रैकिंग के साथ-साथ क्लीनिंग ड्राइव भी आयोजित की गई, जिसमें पूरे ट्रैकिंग रूट पर फैले प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी, नैनीताल व्यापार मंडल से त्रिभुवन फर्त्याल, देवेंद्र रावत, नवीन भट्ट, मोहित लाल साह, दीपक कुमार, करण वर्मा सहित कई अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।
