भारी बारिश के चलते स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
नैनीताल। नैनीताल जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनज़र 4 अगस्त यानी सोमवार को नैनीताल जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने यह निर्णय एहतियातन लिया है, ताकि स्कूली बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी वंदना सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिले में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन, सड़कों के बाधित होने और जलभराव की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसी स्थिति में बच्चों का स्कूल आना-जाना जोखिम भरा हो सकता है। इसी को देखते हुए सरकारी, गैर-सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों को एक दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
साथ ही प्रशासन ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे मौसम की गंभीरता को समझें और बच्चों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकालें। साथ ही, जिन क्षेत्रों में खतरे की आशंका अधिक है, वहां आपदा प्रबंधन टीमों को तैनात कर दिया गया है।

मौसम विभाग ने नैनीताल समेत कुमाऊं के ज्यादातर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। जिले के कई ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश के कारण सड़कों पर मलबा और पेड़ों के गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों के साथ-साथ एसडीआरएफ को भी अलर्ट पर रखा गया है। स्कूलों में छुट्टी के साथ-साथ प्रशासन ने आम जनता से भी नदी-नालों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में आपदा कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की है।
