अध्यक्ष मुकेश बोरा ने 21 दुग्ध समितियों को बोनस और आर्थिक सहायता वितरित की — किसानों के चेहरों पर आई मुस्कान
हल्द्वानी। त्योहारी सीजन से पहले दूध उत्पादकों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने गुरुवार को 21 दुग्ध समितियों को कुल 18,53,088 बोनस और 1,72,000 की आर्थिक सहायता वितरित की। इससे दुग्ध उत्पादकों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी।

हैडाखान और जमरानी दुग्ध क्षेत्र की समितियों के लिए आयोजित सामूहिक बोनस वितरण समारोह में ग्रामीण दुग्ध समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। समारोह का माहौल उत्साह और जोश से भरा रहा।
उत्कृष्ट उत्पादकों का हुआ सम्मान

समारोह में दुग्ध उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्पादकों को सम्मानित भी किया गया। अध्यक्ष मुकेश बोरा का ग्रामीणों ने शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों का परिश्रम ही इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव है।
त्योहारी सीजन में मिला बड़ा तोहफा
त्योहारी मौसम में किसानों को बोनस और आर्थिक सहायता मिलने से गांवों में खुशियों का माहौल है। बोनस से उत्पादकों को न केवल अतिरिक्त आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि यह उन्हें दुग्ध उत्पादन को और बढ़ाने के लिए भी प्रेरित करेगा।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों की मेहनत को हर स्तर पर सम्मान मिलेगा। संघ किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है और भविष्य में और भी योजनाएं लाई जाएंगी।
