नैनीताल के खुर्पाताल क्षेत्र में प्राधिकरण की जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाती डीडीए की टीम
नैनीताल। नैनीताल के खुर्पाताल क्षेत्र में प्राधिकरण की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत के स्पष्ट निर्देशों के बाद जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया।

दरअसल, कुछ दिन पहले दीपक रावत ने खुर्पाताल क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने पाया कि कई होटल स्वामियों द्वारा प्राधिकरण की भूमि पर अवैध अतिक्रमण किया गया है। इस पर उन्होंने तुरंत कार्रवाई के निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे।
इन्हीं निर्देशों के तहत गुरुवार को जिला विकास प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल के नेतृत्व में टीम ने खुर्पाताल क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान होटल मालिकों द्वारा किए गए अवैध निर्माण और कब्जों को चिन्हित कर उन्हें हटाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया और अवैध अतिक्रमण पर सख्ती से कार्रवाई की गई।

प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल ने बताया कि यह अभियान एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने साफ किया कि प्राधिकरण की भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शुक्रवार को भी खुर्पाताल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय स्तर पर यह संदेश साफ तौर पर दिया गया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
