राम सिंह कैड़ा का कांग्रेस पर हमला
नैनीताल। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के बाद चल रही सियासी तनातनी के बीच बीजेपी विधायक राम सिंह कैड़ा ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर निशाना साधा है। विधायक कैड़ा ने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओं और कांग्रेस प्रत्याशी के पति लाखन सिंह नेगी द्वारा की गई अभद्रता बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग भी कांग्रेस प्रत्याशी के पति ने किया।

बीजेपी विधायक ने दावा किया कि लाखन सिंह नेगी पर 12 से 13 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें पॉक्सो जैसे गंभीर मामले भी शामिल हैं। उनका नाम मुक्तेश्वर और भवाली थाने की हिस्ट्रीशीटर लिस्ट में भी दर्ज है। कैड़ा ने कहा कि लाखन सिंह नेगी को लोग शराब तस्कर, भू-माफिया और पत्थर माफिया के रूप में जानते हैं। कांग्रेस जिस व्यक्ति के साथ खड़ी है, उसकी छवि पूरी तरह आपराधिक है।
