होटल आनंदा में जिलाधिकारी, एसएसपी और स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में किया स्वागत
टिहरी। मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम का टिहरी जनपद के नरेंद्रनगर में आगमन हुआ, जहां होटल आनंदा में उनका भव्य स्वागत किया गया। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी आयुष अग्रवाल और स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक परिधान और भारतीय एवं मॉरीशस के ध्वज के साथ उनका अभिनंदन किया।

संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना
मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने नरेंद्रनगर की संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक सुंदरता की खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यहां का माहौल बेहद सौहार्दपूर्ण और उत्साह से भरा हुआ है।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि मॉरीशस के पीएम चार दिवसीय निजी दौरे पर हैं। होटल आनंदा में उनकी यात्रा के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
स्थानीय लोगों में उत्साह
मॉरीशस पीएम के आगमन से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल रहा। पारंपरिक परिधान में महिलाएं और युवा, दोनों देशों के झंडों के साथ स्वागत में शामिल हुए।
