देहरादून में महिला कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की — 50 हजार हस्ताक्षरों का लक्ष्य।
देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शुरू किए गए “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान को अब महिला कांग्रेस ने भी धार देना शुरू कर दिया है। बुधवार को उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने कांग्रेस मुख्यालय में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। इस अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार के खिलाफ जनभावनाओं को संगठित करना और जनता की आवाज़ को राष्ट्रपति तक पहुंचाना है।

50 हज़ार हस्ताक्षरों का लक्ष्य
उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने बताया कि महिला कांग्रेस को हर घर तक जाकर यह अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में 10,000 हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है और कुल पांच लोकसभा सीटों पर 50,000 हस्ताक्षर कराए जाएंगे।

15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक अभियान
ज्योति रौतेला ने बताया कि यह अभियान 15 सितंबर से शुरू होकर 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद पूरे देश से एकत्रित हस्ताक्षरों को राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा। अभियान की शुरुआत कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के नेतृत्व में की गई थी, और अब महिला कांग्रेस ने इसे तेज़ गति से जन-जन तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है।
