राजपुर थाना पुलिस ने पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप और उसके गनर पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर बोलेरो वाहन सीज किया।
देहरादून। राजधानी देहरादून में एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पूर्व भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप सिंह पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि दिव्य प्रताप ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव एस. रामास्वामी के बेटे आर. यशोवर्धन के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी।

गनर की दबंगई: तिरंगे पर लात मारने का आरोप, पुलिसकर्मी निलंबित
घटना के दौरान दिव्य प्रताप सिंह के साथ मौजूद गनर कांस्टेबल राजेश सिंह ने भी खुलेआम दबंगई दिखाई। आरोप यह है कि मारपीट के दौरान गनर ने आर. यशोवर्धन की शर्ट पर लगे राष्ट्रीय ध्वज पर लात मारी। मामला गंभीर होने पर पुलिस ने गनर को तत्काल निलंबित कर दिया है।

पुलिस एक्शन—FIR दर्ज, बोलेरो वाहन सीज
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजपुर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दिव्य प्रताप सिंह, गनर कांस्टेबल राजेश सिंह के खिलाफ मारपीट, धमकी, राष्ट्रीय ध्वज का अपमान, सड़क दुर्घटना और शस्त्र प्रदर्शित करने जैसी कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को मौके पर ही सीज कर लिया है। जबकि आरोपी की लैंड क्रूजर गाड़ी की लोकेशन भी ट्रेस की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस—कड़े कदम की तैयारी
राजपुर थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच तेजी से चल रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के दौरान इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी था या नहीं, और गनर ने नियमों का उल्लंघन किस हद तक किया।
