मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कुम्भ 2027 तैयारियों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में कुम्भ 2027 की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित सभी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और स्पष्ट किया कि सभी कार्यों की प्राथमिकता तय कर समय से पूरे किए जाएं।

नोडल अधिकारी और सिंचाई विभाग को सख्त निर्देश
मुख्य सचिव ने कहा कि कुम्भ क्षेत्र में नोडल अधिकारियों की तैनाती शीघ्र की जाए। उन्होंने सिंचाई विभाग को नहर बंदी के समय किए जाने वाले सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही यूपी से लगातार संवाद कर नहर बंदी का समय बढ़ाने पर भी जोर दिया।

रेलवे स्टेशनों का सौन्दर्यीकरण और यातायात प्लान
मुख्य सचिव ने रेलवे स्टेशनों के सौन्दर्यीकरण के लिए डीआरएम मुरादाबाद से अनुरोध किया। उन्होंने पुलिस और रेलवे विभाग को संयुक्त रूप से यातायात प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। जीआरपी थानों में मानक व्यवस्थाएं और अस्थायी थानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
घाटों की सफाई और आंतरिक सड़कों का निर्माण
कुम्भ के दौरान घाटों की लगातार सफाई को चुनौतीपूर्ण मानते हुए उन्होंने मुख्य घाटों के लिए विशेष सफाई प्रणाली विकसित करने को कहा। उन्होंने आंतरिक सड़कों के निर्माण और मरम्मत का कार्य नगर निगम के माध्यम से करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को घाटों के सौन्दर्यीकरण में ग्रीन ओपन स्पेस का प्रावधान करने के लिए भी कहा गया।
महिला घाट और थर्ड पार्टी क्वालिटी एश्योरेंस
महिला घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ मुख्य सचिव ने थर्ड पार्टी क्वालिटी एश्योरेंस की व्यवस्था लागू करने के भी निर्देश दिए, ताकि काम की गुणवत्ता में कोई कमी न रहे।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, एडीजी डॉ. वी मुरूगेशन, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, आईजी डॉ. नीलेश आनन्द भरणे, मेला अधिकारी सोनिका, सचिव सी. रविशंकर, युगल किशोर पंत और संबंधित जिलों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
