हल्द्वानी में जनता की समस्याएँ सुनते और कार्रवाई करते कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत
हल्द्वानी। शनिवार को कुमाऊँ आयुक्त व मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जनता की समस्याएँ सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।

मुआवजा राशि का तुरंत निपटारा
चकलुवा निवासी इन्दर सिंह ने बताया कि उनकी माँ की सांप के काटने से मृत्यु हुई थी, लेकिन मुआवजा नहीं मिला। जांच में सामने आया कि 6 लाख की राशि KYC अपडेट न होने के कारण अटकी थी। KYC पूरी होते ही पैसा खाते में पहुँचा, जिस पर परिजनों ने राहत की सांस ली।

पार्क निर्माण और रास्ते का समाधान
गौजाजाली बिचली कॉलोनी के निवासियों ने शिकायत की कि पार्क निर्माण से उनका रास्ता बंद हो रहा है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि पार्क निर्माण जारी रहे लेकिन कॉलोनीवासियों का रास्ता भी सुनिश्चित किया जाए। पार्क में मॉर्निंग वॉक ट्रैक, बच्चों के झूले जैसी सुविधाएँ भी दी जाएँगी।
आर्थिक सहायता और भूमि विवाद पर कार्रवाई
जनता मिलन में कई भूमि विवाद और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले भी उठे। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि स्टाम्प पेपर पर जमीन की बिक्री अवैध है। ऐसे मामलों में दोषियों पर मुकदमा दर्ज होगा।
कार्बेट पार्क क्षेत्र की शिकायतें भी सुनीं
रामनगर टेडा के निवासियों ने राजस्व ग्राम में शामिल न होने की शिकायत की। आयुक्त ने वन विभाग को जांच के आदेश दिए।
जनता से अपील और प्रशासन को निर्देश
दीपक रावत ने जनता से कहा कि सर्पदंश की घटनाओं में अंधविश्वास छोड़कर तुरंत अस्पताल जाएँ, जहाँ एंटीवेनम उपलब्ध है। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान किया जाए।
