हल्द्वानी में आयोजित कुमाऊं द्वार महोत्सव के मंच पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोक कलाकारों को सम्मानित किया।
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित पांच दिवसीय कुमाऊं द्वार महोत्सव में शिरकत की। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव सिर्फ एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी अस्मिता, पहचान और जड़ों से जुड़ाव का प्रतीक है। हर साल इस आयोजन में प्रतिभागियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है।

सीएम धामी ने कहा कि इस महोत्सव के जरिए राज्य के लोक कलाकारों को मंच मिलता है, जहां वे अपनी कला को प्रदर्शित कर देश-दुनिया में उत्तराखंड की संस्कृति को नई पहचान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की ब्रह्मकमल टोपी को राष्ट्रीय पहचान दी है, तब हमारी संस्कृति को लेकर गर्व और भी बढ़ गया है।
लोक कलाकारों को मंच और सम्मान

मुख्यमंत्री ने लोक कलाकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने परिश्रम और निष्ठा से उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक मंच तक पहुंचाया है। राज्य सरकार लोक भाषा और संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन के लिए लगातार काम कर रही है। कोरोना काल में 3200 सूचीबद्ध कलाकारों को 2000 प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी गई थी। इसके अलावा, गुरु-शिष्य परंपरा के तहत छह माह की लोक प्रशिक्षण कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं, जिससे युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ा जा सके।
यह दशक उत्तराखंड का दशक है – धामी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के कथन — ‘यह दशक उत्तराखंड का दशक है’ — ने हम सभी में ऊर्जा और उत्साह भरा है। इस अभियान को आगे बढ़ाने में हमारी माताएं और बहनें बड़ी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ के मंत्र को आत्मसात करने की अपील की और कहा कि राज्य के लोग स्थानीय उत्पादों और स्वदेशी वस्तुओं का अधिक से अधिक प्रयोग करें।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
सीएम धामी ने कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का भी अवलोकन किया। इन स्टॉलों पर स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए गए, जो महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने ‘लखपति दीदी योजना’ के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात भी कही।
कार्यक्रम में शामिल रहे अधिकारी और जनता
इस मौके पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिमा अग्रवाल, एसएसपी पीएस मीणा, प्रभारी जिलाधिकारी अनामिका सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लोक कलाकार और आमजन उपस्थित रहे। पूरा मैदान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंज उठा।
