कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर दर्दनाक हादसा
कोटद्वार। कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के बीच अचानक पहाड़ी से गिरे एक बड़े बोल्डर की चपेट में आने से एक टैक्सी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में टैक्सी में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और स्थानीय प्रशासन की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को कोटद्वार बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ यात्रियों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

CO कोटद्वार निहारिका सेमवाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है।उनकी पहचान की जा रही है और परिजनों को सूचित किया जा चुका है।
क्षेत्र में लगातार बारिश बना रही खतरा
गौरतलब है कि कोटद्वार और आस-पास के क्षेत्रों में बीते कुछ दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी गई है और आश्वासन दिया गया है कि पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
