कोटाबाग में नहर की सफाई के दौरान हादसा
कालाढूंगी। कोटाबाग विकासखंड के बागजाला-फतेहपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। ब्लॉक मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित अपर कोटा नहर की सफाई कर रहे मजदूर अचानक भूस्खलन की चपेट में आ गए।

हादसे में दो मजदूर मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान चंद्रप्रकाश सनवाल, स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
सिंचाई विभाग के जेई प्रकाश सिंह नेगी ने बताया कि नहर के क्षतिग्रस्त होने के कारण आंवलाकोट क्षेत्र में सिंचाई जल संकट था, इसी कारण सफाई कार्य चल रहा था। यह घटना सुबह लगभग 11 बजे हुई। वर्तमान में दोनों मजदूरों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।

