कपकोट में बादल फटने से तबाही
बागेश्वर। जनपद बागेश्वर के कपकोट विकासखंड के ग्राम पौंसारी में गुरुवार देर रात बादल फटने की घटना से भारी तबाही हुई। भारी वर्षा और भूस्खलन से मकान क्षतिग्रस्त हो गए और कई परिवार प्रभावित हुए। इस घटना में अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं। वहीं, एक घायल व्यक्ति को ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जिला प्रशासन अलर्ट पर
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशीष भटगांई स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। मौके पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें तैनात हैं और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

बादल फटने से प्रभावित परिवार
गाँव के खाई जर तोक में मलबा घुसने से दो परिवार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं—
- पहला परिवार: रमेश चंद्र जोशी (लापता), उनकी पत्नी बसंती देवी (शव बरामद), बेटा गिरीश (लापता), बेटा पवन (सुरक्षित)।
- दूसरा परिवार: पूरण जोशी (लापता), उनकी मां बचुली देवी (शव बरामद)।
पशु और संपत्ति को भी नुकसान
इस आपदा में न केवल लोगों की जान गई बल्कि 13 बकरियां व अन्य पशु हानि की भी खबर है। खेतों को नुकसान हुआ है और गाँव की सड़क, छोटी पुलिया व रास्ते बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
प्रशासन का राहत अभियान
जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान कर रहा है। पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई की टीमें क्षतिग्रस्त मार्गों को खोलने और वैकल्पिक रास्ते चिन्हित करने में जुटी हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपदा कंट्रोल रूम से निरंतर समन्वय बनाए रखने और प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुँचाने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि लापता लोगों की खोज जारी रहेगी और प्रभावित परिवारों को हर संभव राहत उपलब्ध कराई जाएगी।
