पत्रकारों के लिए आर्थिक सहायता और पेंशन प्रस्तावों पर निर्णय लेते हुए समिति के सदस्य
देहरादून। पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान को प्राथमिकता देते हुए सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज सूचना निदेशालय में आयोजित हुई। बैठक में पत्रकार हितों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए।

दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये
बैठक में समिति द्वारा 15 दिवंगत पत्रकारों के आश्रित परिवारों को पत्रकार कल्याण कोष से 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की संस्तुति की गई। यह निर्णय उन परिवारों को आर्थिक सहारा प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है, जिन्होंने पत्रकारिता क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया।

बीमार पत्रकारों के चिकित्सा उपचार के लिए सहायता
इसके साथ ही गंभीर बीमारी से ग्रस्त दो पत्रकारों के इलाज हेतु 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद स्वीकृत करने की संस्तुति भी की गई। यह निर्णय संकट की घड़ी में पत्रकार समुदाय के साथ खड़े होने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
चार वरिष्ठ पत्रकारों को मिलेगा सम्मान पेंशन
बैठक में मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को प्रति माह 8,000 रुपये पेंशन देने की संस्तुति की गई, जिससे उन्हें सामाजिक सुरक्षा और सम्मान का समर्थन मिलेगा।
सूचना महानिदेशक ने कही यह बात
बैठक के दौरान महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। संकट में फंसे पत्रकारों और उनके परिवारों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से नियमित रूप से समिति की बैठक आयोजित कर मामलों का संवेदनशीलता से निस्तारण किया जाता है।
बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित
संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह, तथा समिति सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, गिरीश तिवारी, अमित शर्मा, शशि शर्मा बैठक में उपस्थित रहे।
