पिथौरागढ़ के जौलजीबी में ऐतिहासिक जौलजीबी मेला का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी में भारत–नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेला का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने मेले को भारत–नेपाल की सांस्कृतिक, आर्थिक और पारंपरिक मित्रता का अनोखा उदाहरण बताया।

मेले में करोड़ों की घोषणाएं, क्षेत्र को मिलेगा बड़ा विकास
उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें शामिल हैं:-

- झलूड़ी से पल्याती तक सड़क निर्माण – ग्राम हूपली, मुनस्यारी
- बगीचा–धारचूला कोट ट्रैकिंग मार्ग
- मेला परिसर का समग्र विकास
- ग्राम पय्या पौड़ी से नालालेख शिव मंदिर ट्रैक रूट
- कालापानी से दशरथ पर्वत कुंड तक संपर्क मार्ग
- ग्राम सुरिंग में आंतरिक CC मार्ग
- सिमगड़ नदी (भैंसकोट) में RCC पुलिया एवं संपर्क मार्ग
- धारचूला में सैनिक विश्राम गृह का निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं स्थानीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन और सीमा क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को नई मजबूती देंगी।
“जौलजीबी मेला हमारी साझा सांस्कृतिक आत्मा”—CM धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल की ऐतिहासिक मित्रता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने बताया कि बचपन में वे स्वयं इस मेले में आते थे और यहां की संस्कृति से गहरा लगाव रखते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के ‘एक जिला–एक मेला’ के विज़न को मिलेगा बल
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड के मेलों और त्योहारों को राज्य की आत्मा मानते हैं और इसी भावना से एक जिला–एक मेला अभियान शुरू करने का आह्वान किया गया है, जिससे प्रमुख मेलों को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा।
पिथौरागढ़ में तेजी से आगे बढ़ रहे विकास कार्य
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है:
- 750 करोड़ से अधिक लागत का मेडिकल कॉलेज निर्माण जारी
- 34 करोड़ की लागत से स्पोर्ट्स कॉलेज में आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल
- बेरीनाग में 28 करोड़ का भव्य स्टेडियम जल्द शुरू
- 21 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज में 50-बेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक
- 25 करोड़ की लागत से अस्कोट, गंगोलीहाट, धारचूला के नए बस स्टेशन
- रोडवेज वर्कशॉप का निर्माण कार्य जारी
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 327 करोड़ की लागत से कई सड़कों का निर्माण तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
नैनी-सैनी एयरपोर्ट का विस्तार—कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिथौरागढ़ की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए नैनी-सैनी हवाईअड्डे का विस्तार तेजी से हो रहा है। इसके लिए 450 करोड़ मंजूर, जबकि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी है।
युवा रोजगार और पारदर्शी भर्तियों पर CM का जोर
उन्होंने कहा कि सरकार युवा रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर फोकस कर रही है। आज राज्य में सरकारी भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और मेरिट आधारित हैं, जिससे योग्य युवाओं को रोजगार मिल रहा है।
राष्ट्रीय एकता पद यात्रा में भी हुए शामिल
जौलजीबी मेला उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता पद यात्रा में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में विधायक हरीश धामी, विधायक बिशन सिंह चुफाल, भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश बिष्ट, और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
