ओखलकांडा विकासखंड में आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल
ओखलकांडा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत सोमवार को जनपद नैनीताल के विकासखंड कार्यालय ओखलकांडा में एक विशाल बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।

योजनाओं की जानकारी और त्वरित समाधान
शिविर के माध्यम से नागरिकों को राज्य व केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया और विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर मौके पर ही सेवाएं प्रदान की गईं।

तेंदुआ आतंक पर सख्त रुख
क्षेत्र में बढ़ते आदमखोर तेंदुए के आतंक को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई। जिलाधिकारी ने वन विभाग को निर्देश दिए कि –
- संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए
- ब्लैक स्पॉट्स पर सोलर लाइट लगाई जाए
- मानव सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो
महिलाओं को जंगल जाने से बचाने के लिए ₹10 लाख की धनराशि वन विभाग को दी गई, जिससे घर-घर चारा वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
पेयजल, जल जीवन मिशन और स्कूलों में पानी
जल जीवन मिशन के अंतर्गत अधूरे कार्यों और नलों में पानी न आने की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने पेयजल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि –
- 15 दिन के भीतर ओखलकांडा के सभी स्कूलों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
- एसडीएम धारी इसकी निगरानी करेंगे
पशुपालन और बीमा मामलों में कार्रवाई के निर्देश
पशु चिकित्सा केंद्रों में स्टाफ की कमी, भवन मरम्मत और मृत पशुओं के बीमा का लाभ न मिलने की शिकायतों पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा –
- पशुपालन ग्रामीणों की मुख्य आजीविका है
- लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई तय
- मृत पशुओं का 100% बीमा लाभ दिलाया जाएगा
सड़क निर्माण में गड़बड़ी पर FIR के निर्देश
पीएमजीएसवाई और अन्य सड़कों की खराब गुणवत्ता की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने –
- सामग्री की लैब जांच
- दोषी अभियंता व ठेकेदार पर एफआईआर
- घटिया कार्य पर शून्य सहनशीलता की चेतावनी दी
शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर फोकस
- शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में तत्काल तैनाती
- छात्राओं वाले स्कूलों में अतिरिक्त शौचालय
- खेल मैदान निर्माण हेतु युवा कल्याण विभाग से समन्वय
- अनुपस्थित एएनएम व कर्मचारियों पर गुमशुदगी रिपोर्ट
- कूड़ा निस्तारण के लिए नियमित सफाई के निर्देश
शिविर में मिला 475 लोगों को सीधा लाभ
शिविर में कुल 475 नागरिकों को विभिन्न विभागों से लाभ मिला –
- स्वास्थ्य विभाग: 72
- आयुर्वेद: 109
- होम्योपैथी: 49
- ग्राम्य विकास: 106 बीपीएल प्रमाण पत्र
- कृषि, उद्यान, सहकारिता, श्रम व अन्य विभागों से सैकड़ों लाभार्थी
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, शांति मेहरा, ब्लॉक प्रमुख डी. रुबाली सहित कई जनप्रतिनिधि, एसडीएम अंशुल भट्ट, बीडीओ देशराज सिंह और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
