रातीघाट में आयोजित जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम में जनता से संवाद करतीं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और डीएम ललित मोहन रयाल
नैनीताल (गरमपानी)। उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को नैनीताल जनपद के रातीघाट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में भव्य जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।

590 लोगों को एक ही छत के नीचे मिला योजनाओं का लाभ
इस जनसेवा शिविर का 590 ग्रामीणों ने सीधा लाभ उठाया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में कुल 88 शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के लिए समयबद्ध समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

हर व्यक्ति का विकास सरकार की प्राथमिकता : रेखा आर्या
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवाओं का सशक्तिकरण उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने की कुंजी है। सरकार इस दिशा में तेज़ी से काम कर रही है।
सड़क, पानी, बिजली और जंगली जानवरों की समस्या प्रमुख रही
ग्रामीणों ने शिविर में सड़क, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ व सोलर फेंसिंग, स्कूल भवन मरम्मत, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, भवाली-कैंचीधाम क्षेत्र में ट्रैफिक सुधार, बाढ़ सुरक्षा, सिंचाई सुविधा और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। कई मामलों में मौके पर ही समाधान किया गया।
शिप्रा नदी की सफाई और हाईवे पर शौचालयों के निर्देश
शिप्रा नदी में गंदगी की शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने जिला पंचायत और नगर पालिका भवाली को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर महिलाओं के लिए शौचालय निर्माण के निर्देश भी जारी किए गए।
अधूरे जल जीवन मिशन कार्य जल्द होंगे पूरे
जल जीवन मिशन से जुड़े अधूरे कार्यों को लेकर मंत्री ने पेयजल निगम और जल संस्थान को तत्काल समाधान के आदेश दिए।
डीएम का आश्वासन – हर समस्या का होगा समयबद्ध समाधान
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव नहीं हो पाया है, उनका निर्धारित समयसीमा में निस्तारण विभागीय टीमों के माध्यम से कराया जाएगा।
विभागीय सेवाओं का संक्षिप्त विवरण
- राजस्व विभाग – 78 प्रमाण पत्र
- कृषि विभाग – 48 किसानों को यंत्र व योजनाओं का लाभ
- पशुपालन विभाग – 260 पशुपालकों को निशुल्क दवा
- स्वास्थ्य विभाग – 58 स्वास्थ्य जांच, 18 शुगर-बीपी जांच
- आयुष/होम्योपैथिक – 122 लोगों का उपचार
- बाल विकास – 4 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट
- विद्युत विभाग – 8 मामलों का समाधान
- जल संस्थान – 6 शिकायतों का निस्तारण
- दुग्ध संघ – 3000 की बिक्री
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
शिविर में दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्या, नवीन लाल वर्मा, विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, क्षेत्र प्रमुख अंकित साह, दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, एसडीएम मोनिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व अधिकारी मौजूद रहे।
